लाइफ स्टाइल

Yoga : योगासन मानसिक संतुलन और ध्यान केंद्रित करने की क्षमता बढ़ाता है

Sarita
20 April 2025 8:57 AM IST
Yoga  :  योगासन मानसिक संतुलन और ध्यान केंद्रित करने की क्षमता  बढ़ाता है
x
Yoga : मस्तिष्क को तेज करने, याददाश्त मजबूत करने और एकाग्रता बढ़ाने के लिए योगासन अत्यंत प्रभावी हो सकते हैं। नियमित योगाभ्यास न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को सुधारता है, बल्कि मानसिक संतुलन और ध्यान केंद्रित करने की क्षमता को भी बढ़ाता है। यहां कुछ योगासन और प्राणायाम दिए गए हैं जो विशेष रूप से छात्रों के लिए उपयोगी हैं।
ताड़ासन
इस आसन के अभ्यास से शारीरिक और मानसिक संतुलन बढ़ता है। लंबे समय तक बैठकर पढ़ाई करने वाले छात्रों के लिए यह फायदेमंद योग क्रिया है। ताड़ासन के अभ्यास के लिए सीधे खड़े होकर अपने हाथों को सिर के ऊपर जोड़ें। पंजों पर खड़े होकर अपने शरीर को ऊपर की ओर खींचें। कुछ सेकंड तक इस स्थिति में रहें और धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में लौटें।
वृक्षासन
एकाग्रता बढ़ाने के लिए वृक्षासन का अभ्यास सहायक है और मानसिक स्थिरता को मजबूत करता है। इस आसन के अभ्यास के लिए सीधे खड़े होकर एक पैर को दूसरे पैर की जांघ पर रखें। हाथों को सिर के ऊपर जोड़ें। संतुलन बनाए रखें और धीरे-धीरे सांस लें।
वज्रासन
वज्रासन का अभ्यास भी छात्रों के लिए फायदेमंद योग है। इस आसन से मानसिक शांति मिलती है। एकाग्रता बढ़ती है और पाचन तंत्र में सुधार होता है। वज्रासन के अभ्यास के लिए घुटनों के बल बैठकर अपने पैरों को पीछे की ओर मोड़ें। पीठ को सीधा रखें और हाथों को घुटनों पर रखें। गहरी सांस लेते हुए 5-10 मिनट तक इसी स्थिति में बैठें।
मस्तिष्क में रक्त प्रवाह को बढ़ाने और थकावट दूर करने के लिए भुजंगासन का अभ्यास किया जा सकता है। इस आसन को करने के लिए पेट के बल लेटें और हथेलियों को कंधों के पास रखें। धीरे-धीरे सिर और छाती को ऊपर उठाएं। कुछ सेकंड तक रुकें और फिर प्रारंभिक स्थिति में लौटें।
Next Story