मथुरा: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में नारकोटिक्स आगरा टीम और फरह पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस ने ग्वालियर हाईवे के नीचे रैपुराजाट चौकी के पास एक ट्रक से 2 कुंतल 51 किलो गांजा बरामद किया है। इस मामले में पांच गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह का मास्टरमाइंड मौके से फरार होने में सफल रहा।
नारकोटिक्स आगरा टीम के सीओ उमेश पवार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा नंबर का एक ट्रक गांजे की बड़ी खेप लेकर मथुरा के रास्ते अलीगढ़ की ओर जा रहा है। सूचना मिलने के बाद नारकोटिक्स टीम ने फरह पुलिस के साथ मिलकर रविवार दोपहर करीब दो बजे रैपुराजाट के पास घेराबंदी की।
जैविक खाद की बोरियों के पीछे छिपाया था गांजा
पुलिस ने संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली तो उसमें जैविक खाद की बोरियों के पीछे गांजे के 52 पैकेट छिपाए गए थे। जांच में कुल 2.51 कुंतल गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके से ट्रक चालक जयंतो को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ओडिशा के मलकानगिरी जिले के कालीमेला थाना क्षेत्र स्थित फायर स्टेशन कॉलोनी हटपदा का रहने वाला बताया गया है।
बलेनो कार में चल रहे थे तस्कर
पुलिस के अनुसार, ट्रक के पीछे एक बलेनो कार भी चल रही थी। इसमें सवार गांजा तस्करों को भी कार्रवाई के दौरान पकड़ लिया गया। पुलिस ने कार सवार चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विद्युत निवासी एमवी-15 मलकानगिरी ओडिशा, हरविंदर कुमार निवासी लक्ष्मनगढ़ी थाना खैर जिला अलीगढ़, अभिजीत निवासी शिवधाम कॉलोनी खैर बाईपास रोड थाना रोरावर जिला अलीगढ़ और ललित कुमार उर्फ कालू निवासी मोरैना थाना गभाना जिला अलीगढ़ के रूप में हुई है।
बरामद गांजे की कीमत सवा करोड़ रुपये
पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे की कीमत करीब सवा करोड़ रुपये बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तस्कर ओडिशा से गांजे की खेप लाकर उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सप्लाई करने की तैयारी में थे।
पुलिस अब गिरोह के फरार मास्टरमाइंड की तलाश में जुट गई है। इसके साथ ही गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।