सिवाहा गांव में व्यक्ति ने की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
जींद में दुकानदार की मौत, परिजनों ने मानसिक परेशानी की दी जानकारी
जींद: हरियाणा के जींद जिले के गांव सिवाहा में विक्रम नामक व्यक्ति की आत्महत्या से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और परिजनों से जानकारी जुटाई।
मृतक के पिता आजाद ने बताया कि विक्रम अपने मकान के पास परचून की दुकान चलाता था और पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान था। हालांकि, आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।
सदर थाना की जांच अधिकारी नीलम ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस ने इतफाकिया कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है।