नारनौल: हरियाणा के नारनौल में पुलिस ने पांच साल से फरार चल रहे एक उद्घोषित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ महिला थाना चरखी दादरी में पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज है। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार के निर्देश पर संचालित विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सतनाली थाना पुलिस की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस कंट्रोल रूम से आरोपी के संबंध में सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रात के समय सतनाली क्षेत्र के गांव बास में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और उसे उद्घोषित आरोपी घोषित किया गया था। गिरफ्तारी की सूचना महिला थाना चरखी दादरी, थाना झोझू कलां और पुलिस कंट्रोल रूम नारनौल को दे दी गई है।

अब संबंधित थाने की पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई करेगी। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि फरार और वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Tags: