चंडीगढ़: हरियाणा के विकास की छह दशकों की यात्रा को आगे बढ़ाने और नागरिकों में संवैधानिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश गुरुवार को विधानसभा के विशेष सत्र में दिया गया। संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर प्रदेश के भविष्य और विकास से जुड़े विषयों पर सार्थक चर्चा करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

विशेष सत्र में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा और विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण मिढा सहित विभिन्न मंत्री एवं विधायक शामिल हुए।

सत्र का प्रमुख विषय हरियाणा की 60 वर्षों की विकास यात्रा, विकसित हरियाणा के निर्माण में जनभागीदारी और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका रहा।

विधानसभा परिसर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में पंजाब विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. दिनेश कुमार ने भारतीय संविधान की मूल भावना और उसके महत्व पर व्याख्यान दिया। इस दौरान लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई।

विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने संविधान को भारत की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि अनेक चुनौतियों के बावजूद संविधान ने देश को एकजुट रखते हुए प्रगति की दिशा दिखाई है। संविधान दिवस नागरिकों को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों का स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है।

प्रो. डॉ. दिनेश कुमार ने भारतीय संविधान को एक जीवंत दस्तावेज बताते हुए कहा कि यह समय के साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक मूल्यों को दिशा देता है। उन्होंने मौलिक अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई।

कार्यक्रम के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया। मुख्यमंत्री सहित सभी उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अतिथियों ने इसे दोहराया।

इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कृष्ण कुमार बेदी और कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विधानसभा परिसर में स्थापित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।

Tags: