चंडीगढ़: संविधान दिवस के अवसर पर हरियाणा कांग्रेस ने पंचकूला में संविधान रक्षा मार्च निकालकर लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों की रक्षा का संकल्प लिया। गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। इस दौरान केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर भी जमकर निशाना साधा गया।

हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा केवल राजनीतिक विषय नहीं है, बल्कि देश के भविष्य और नागरिकों के अधिकारों से जुड़ा महत्वपूर्ण सवाल है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने संविधान को नागरिकों के सम्मान, समानता, न्याय और अधिकारों की गारंटी बताया। उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों और लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति उसके रवैये पर सवाल उठाए। साथ ही संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता पर जोर दिया।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस विधायक दल के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि संविधान पर किसी भी प्रकार का हमला लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिकों के अधिकारों पर सीधा हमला है।

सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव सहित देशभर में मतदाता सूचियों और चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठे सवालों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन सवालों का जवाब देना सरकार और चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है। कांग्रेस मतदाताओं के अधिकारों को कमजोर करने की किसी भी कोशिश का विरोध करेगी।

कार्यक्रम में चौधरी वीरेंद्र सिंह, धर्मपाल मलिक, अशोक तंवर, उदय भान, सांसद जयप्रकाश, कर्मवीर बोध और पूर्व सांसद कैलाशो सैनी सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Tags: