हरियाणा ओलंपिक संघ को मिला ISO 9001:2015 प्रमाणपत्र
खिलाड़ियों के कल्याण और खेल विकास पर बढ़ेगा जोर
चंडीगढ़: हरियाणा में खेल प्रबंधन और प्रशासनिक व्यवस्था को अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। हरियाणा ओलंपिक संघ के पंचकूला स्थित ओलंपिक भवन को आईएसओ 9001:2015 प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है। यह उपलब्धि संघ की कार्यप्रणाली को अधिक व्यवस्थित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
इस प्रमाणन में केवल कार्यालय की प्रशासनिक गतिविधियों को ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के कल्याण, खेल विकास कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं के संचालन, शिकायतों के निस्तारण और राज्य खेल संघों के साथ समन्वय जैसी गतिविधियों को भी शामिल किया गया है।
ट्रांस कॉन्टिनेंटल सर्टिफिकेशंस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 21 अक्टूबर 2026 को जारी किया गया प्रमाणपत्र 20 अक्टूबर 2029 तक वैध रहेगा। संघ की गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली का मूल्यांकन आईएसओ 9001:2015 के निर्धारित मानकों के आधार पर किया गया है।
प्रमाणन के अंतर्गत खेल ज्ञान संसाधनों के विस्तार को भी प्राथमिकता दी गई है। स्कूलों, स्वास्थ्य संस्थानों, शैक्षणिक संस्थानों, खेल अकादमियों और सामुदायिक केंद्रों में खेल पुस्तकालयों तथा ज्ञान संसाधन केंद्रों की स्थापना को प्रोत्साहित किया जाएगा।
गुणवत्ता मानकों की निरंतर निगरानी के लिए ऑडिट की समयसीमा भी निर्धारित की गई है। पहला निगरानी ऑडिट 20 अक्टूबर 2027 और दूसरा ऑडिट 20 अक्टूबर 2028 से पहले कराया जाएगा।
हरियाणा ओलंपिक संघ के अध्यक्ष जसविंदर सिंह मीनू बेनीवाल ने कहा कि खेलों के विकास के लिए खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रतियोगिताओं के अवसर उपलब्ध कराने के साथ मजबूत प्रशासनिक व्यवस्था भी आवश्यक है।
उन्होंने आईएसओ प्रमाणन को संघ की कार्यप्रणाली में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। साथ ही कहा कि हरियाणा में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है।