डेयरी पर पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की दबिश, 90 किलो रिफाइंड पाम ऑयल बरामद
कैथल में संदिग्ध मिलावटी पनीर के कारोबार पर शिकंजा, डेयरी पर छापेमारी
कैथल: हरियाणा के कैथल जिले में पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने मिलावटखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए गांव ड्योढखेड़ी स्थित श्री श्याम डेयरी पर छापेमारी की। 26 नवंबर की रात हुई कार्रवाई में करीब 700 किलोग्राम पनीर और 90 किलोग्राम रिफाइंड पाम ऑयल बरामद किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि डेयरी में पनीर तैयार करने के लिए रिफाइंड पाम ऑयल का इस्तेमाल किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान डेयरी संचालक सुमित कुमार भी मौके पर मौजूद मिला।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक शर्मा की टीम ने पनीर के नमूने एकत्र किए। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत करीब 700 किलोग्राम पनीर मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया। जांच में डेयरी से तैयार पनीर की चंडीगढ़ में सप्लाई किए जाने की जानकारी भी सामने आई।
यह कार्रवाई एंटी नारकोटिक सेल कैथल के प्रभारी एसआई प्रदीप के नेतृत्व में की गई। पनीर के नमूनों की जांच रिपोर्ट संबंधी जानकारी अभी उपलब्ध नहीं है।