कैथल: हरियाणा के कैथल जिले के गांव पबनावा में शादी समारोह के दौरान हुए विवाद के बाद युवक तनिष की हत्या के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी कृष को गिरफ्तार कर लिया है। एंटी एक्सटॉर्शन सेल की टीम ने आरोपी को ढांड-कौल क्षेत्र में 152-डी के पास से काबू किया।

पुलिस के अनुसार, 23 नवंबर को शादी समारोह में डीजे पर नाचने के दौरान तनिष और नीरज के बीच मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था। समारोह में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया था।

शिकायतकर्ता लवीश के मुताबिक, घर लौटते समय आरोपियों ने तनिष को घेरकर मारपीट की। आरोप है कि इसी दौरान नीरज ने तनिष पर चाकू से हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस नीरज को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

एसआई जसबीर ने बताया कि गुरुवार देर रात पुलिस को देखकर कृष ने भागने का प्रयास किया। इस दौरान रजबाहे की पटड़ी से छलांग लगाने के कारण उसके पैर में चोट लग गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Tags: