लाइफ स्टाइल

शरीर के लिए क्यों आवश्यक है फाइबर, जानिए इसके फायदे

Tara Tandi
18 Jun 2022 9:16 AM GMT
शरीर के लिए क्यों आवश्यक है फाइबर, जानिए इसके फायदे
x
शरीर को स्वस्थ रखने के लिए अक्सर आपने पौष्टिक चीजों के सेवन की आवश्यकताओं के बारे में सुना होगा। पर क्या जिस तरह का भोजन हम रोजाना कर रहे हैं

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। शरीर को स्वस्थ रखने के लिए अक्सर आपने पौष्टिक चीजों के सेवन की आवश्यकताओं के बारे में सुना होगा। पर क्या जिस तरह का भोजन हम रोजाना कर रहे हैं, उसमें आवश्यक सभी पोषक तत्व मौजूद हैं? अध्ययनों से पता चलता है कि भोजन में पौष्टिकता की कमी के कारण कई तरह की बीमारियां तेजी से बढ़ती जा रही हैं। इसका सबसे ज्यादा असर पेट की समस्याओं के रूप में देखने को मिल रहा है।

विशेषज्ञ बताते हैं कि आमतौर पर लोगों की फास्ट और जंक फूड्स की तरफ रुचि अधिक देखी जा रही है, इसमें फाइबर की मात्रा बिल्कुल कम जबकि फैट की अधिकता होती है, ऐसे में इनका अधिक सेवन आपको बीमार कर सकता है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक पेट की बीमारियों से बचे रहने के लिए सभी लोगों को आहार में फाइबर युक्त चीजों के अधिक सेवन पर ध्यान देना चाहिए। डायट्री फाइबर आपके मल त्याग की प्रक्रिया को आसान बनाने के साथ वजन को नियंत्रित रखने में सहायक माने जाते हैं। फाइबर युक्त चीजों का सेवन करने से कब्ज होने की दिक्कत कम होती है और यह आंतों को स्वस्थ बनाए रखने में भी मदद करता है। इसके लिए कच्चे फल-सब्जियों, साबुत अनाज, चिया सीड्स आदि का सेवन अधिक करें। आइए आहार में फाइबर की मात्रा बढ़ाने से होने वाले फायदों के बारे में जानते हैं।
वजन कम करने की कोशिश में लगे लोगों के लिए फायदेमंद
फाइबर युक्त खाद्य पदार्थ न केवल आपके पाचन को ठीक रखने में मदद करते हैं, साथ ही यह आपके पेट को लंबे समय तक भरा हुआ भी रखते हैं। इससे आपको अतिरिक्त खाने की इच्छा नहीं होती है। एक अध्ययन में पाया गया कि जिन लोगों ने नियमित रूप से फाइबर वाली चीजों का सेवन किया, उनमें वजन बढ़ने का खतरा काफी कम पाया गया। मोटापा के खतरे से बचे रहने के लिए भी फाइबर वाले आहार आपके लिए लाभकारी हैं।
आंत रहता है स्वस्थ
अच्छे पाचन के लिए आंतों का स्वस्थ बना रहना आवश्यक माना जाता है। फाइबर वाली चीजों के सेवन की आदत बनाकर आप आंतों को स्वस्थ रख सकते हैं। हाई फाइबर डाइट आपके बृहदान्त्र को स्वस्थ रखकर बवासीर और मांस के उभार जैसी समस्याओं के जोखिम को कम कर देते हैं। कुछ अध्ययनों में यह भी पाया गया है कि फाइबर युक्त आहार कोलोरेक्टल कैंसर के खतरे को कम करने में भी सहायक है।
मधुमेह रोगियों को आहार में जरूर करना चाहिए शामिल
रक्त शर्करा के स्तर को नियंत्रित करने में भी फाइबर युक्त चीजों के सेवन को बढ़ाना लाभदायक माना जाता है। शोध से पता चलता है कि मधुमेह वाले लोगों में फाइबर, विशेषरूप से घुलनशील फाइबर, शर्करा के अवशोषण को धीमा कर देता है जिससे डायबिटीज बढ़ने का जोखिम कम रहता है। रक्त शर्करा के स्तर को बेहतर बनाए रखने और विशेषकर टाइप-2 डायबिटीज के विकास के जोखिम कम करने में इसके लाभ पाए गए हैं।
लंबी आयु के लिए करें सेवन
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं कि यदि आप भी लंबी आयु चाहते हैं तो इसमें आहार की विशेष भूमिका हो सकती है। अध्ययनों से पता चलता है कि आहार में फाइबर वाली चीजों की वृद्धि करके कार्डियोवैस्कुलर बीमारी और कई तरह के कैंसर के विकसित होने और इसके कारण होने वाली मौत के खतरे को कम किया जा सकता है। ऐसे में आहार में फाइबर की मात्रा बढ़ाकर आप लंबी आयु भी पा सकते हैं।
Next Story