Lakhimpur Kheri: गुरुवार शाम खेत की रखवाली करने गए दरिगापुर गांव निवासी 23 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह तलाश के दौरान उसका शव खेत में पड़ा मिला। शव मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। दरिगापुर गांव निवासी इंद्रेश गौतम का पुत्र छोटे गौतम (23) गुरुवार शाम खेत देखने जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वह घर नहीं लौटा।
इससे परिवार के लोग परेशान हो गए और पूरी रात उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर गए तो उन्होंने उसका शव खेत में पड़ा देखा। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार के लोग और तमाम ग्रामीण रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों ने हत्या कर शव फेंकने की आशंका जताई है।
परिजनों ने बताया कि मृतक छोटे गौतम की दो माह पहले ही शादी हुई थी। उसकी पत्नी और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। पुलिस के अनुसार शव पर जाहिरा चोट के निशान नहीं हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण पता चल सकेगा।