सड़क पर पड़ी थी 50 हजार की गड्डी, पाने वाले व्यक्ति की नहीं बदली नीयत
छग
Chandauli. चंदौली। सड़क पर अचानक 50 हजार रुपये की गड्डी मिल जाए तो ज्यादातर लोगों के मन में पहला सवाल यही होगा कि आखिर इन रुपयों का मालिक कौन है? लेकिन चंदौली के कन्दवा क्षेत्र में एक अधिवक्ता ने अपनी ईमानदारी से इस सवाल का जवाब अपने काम से दिया। उन्हें सड़क किनारे मिली नकदी को अपने पास रखने के बजाय सीधे पुलिस के हवाले कर दिया। अब पुलिस उस व्यक्ति की तलाश कर रही है, जिसकी मेहनत की कमाई रास्ते में कहीं छूट गई।
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार 30 अक्टूबर को सुबह करीब 11 बजे घोसवा गांव निवासी अधिवक्ता विनीत कुमार सिंह बाजार जा रहे थे। इसी दौरान बरौनी माइनर के पास सड़क किनारे 500-500 रुपये के नोटों की गड्डी दिखाई दी। गिनती करने पर उसमें कुल 50 हजार रुपये निकले। विनीत कुमार सिंह ने बिना देर किए कन्दवा थाने पहुंचकर पूरी रकम पुलिस को सौंप दी। पुलिस ने जीडी में तस्करा दर्ज कर नकदी मालखाने में सुरक्षित रखवा दी है। अब सवाल यह है कि आखिर किसकी मेहनत की कमाई रास्ते में गिर गई?