जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में रविवार को 11वीं वेदांता पिंक सिटी हाफ मैराथन का आयोजन किया गया। अल्बर्ट हॉल से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें देश-विदेश के करीब 15,500 धावकों ने हिस्सा लिया। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु आयोजन की इंटरनेशनल इवेंट एंबेसडर के रूप में शामिल हुईं।

मैराथन में 21.1 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर कूल रन और 5 किलोमीटर ड्रीम रन की श्रेणियां रखी गई थीं। इस वर्ष आयोजन का प्रमुख आकर्षण #RunForZeroHunger अभियान रहा। इसके तहत प्रतिभागियों के दौड़े गए प्रत्येक किलोमीटर के बदले एक जरूरतमंद व्यक्ति को भोजन उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फिट इंडिया अभियान युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित कर रहा है। उन्होंने ऐसे आयोजनों को फिट राजस्थान के निर्माण और सामाजिक जागरूकता के लिए महत्वपूर्ण बताया।

Tags: