राजस्थान पंचायत चुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत, 254 पंचायत समितियों में उप प्रधान पद पर कब्जा
पंचायत चुनाव के नतीजों ने चौंकाया, 37 जिलों से हटी आचार संहिता, अब खुलेंगे विकास कार्यों के रास्ते
जयपुर: राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के उप प्रधान पद के नतीजों ने प्रदेश की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों में हुए चुनाव में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 254 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं भाजपा 91 सीटों पर सिमट गई। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने भी 34 पंचायत समितियों में जीत हासिल कर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाई। निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में 23 सीटें गईं, जबकि बीएपी ने 10 और सीपीआईएम ने तीन स्थानों पर जीत दर्ज की।
कांग्रेस ने कई जिलों में दिखाई ताकत
चुनाव परिणामों में राजसमंद जिले में कांग्रेस ने सभी नौ पंचायत समितियों में उप प्रधान पद पर जीत दर्ज की। बूंदी जिले की आठ पंचायत समितियों में पांच पर कांग्रेस और तीन पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहे। सवाई माधोपुर की सभी आठ पंचायत समितियों में कांग्रेस ने जीत हासिल की। फलोदी जिले में भी नौ में से आठ पंचायत समितियों पर कांग्रेस का कब्जा रहा, जबकि एक सीट निर्दलीय उम्मीदवार ने जीती।
इन परिणामों ने प्रदेश में कांग्रेस की ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत मौजूदगी को सामने रखा है।
भाजपा के बहुमत वाले क्षेत्रों में भी पलटे नतीजे
राजसमंद की चारभुजा गढ़बोर पंचायत समिति में भाजपा का बहुमत होने के बावजूद क्रॉस वोटिंग के चलते कांग्रेस के कालूलाल प्रजापत उप प्रधान निर्वाचित हो गए। कुंभलगढ़ में कांग्रेस के मांगीलाल मेघवाल निर्विरोध चुने गए।
जयपुर जिले में भी कांग्रेस और आरएलपी ने कई पंचायत समितियों में भाजपा उम्मीदवारों को शिकस्त दी। आमेर, बस्सी, चाकसू, दूदू, गोविंदगढ़, जमवारामगढ़, झोटवाड़ा, जोबनेर और किशनगढ़-रेनवाल सहित कई क्षेत्रों में मुकाबला देखने को मिला।
वहीं चौमूं में भाजपा की माया देवी ने कांग्रेस के संतोष कुमार सैनी को हराकर जीत दर्ज की। सांगानेर, जालसू और रामपुरा-डाबरी में आरएलपी उम्मीदवारों ने भी सफलता हासिल की।
जोधपुर और नागौर में RLP का प्रभाव
जोधपुर जिले में आरएलपी ने कई पंचायत समितियों में जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक स्थिति मजबूत की। भोपालगढ़ में छोटुराम, मंडोर में घेवर राम, पीपाड़ शहर में विध्या, सालवा खुर्द में रामनिवास खोजा और बावड़ी में रामकिशोर विजयी रहे।
नागौर जिले में भी आरएलपी का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। पांचौड़ी और मूंडवा पंचायत समितियों में प्रधान और उप प्रधान दोनों पद आरएलपी के खाते में गए। मूंडवा में मुन्नाराम ग्वाला निर्विरोध उप प्रधान बने। खास बात यह रही कि उन्होंने अंग्रेजी में शपथ भी ली।
कांग्रेस के भीतर क्रॉस वोटिंग पर कार्रवाई
जोधपुर जिले की भोपालगढ़ पंचायत समिति में प्रधान चुनाव के दौरान पार्टी लाइन से हटकर मतदान करने के आरोप में कांग्रेस ने पांच निर्वाचित सदस्यों को प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया। इनमें उच्छब कंवर रूदिया, दुर्गा देवी बिरानी, शारदा देवी देवातड़ा, दुर्गाराम माली अरटिया और रामनिवास देवनगर बासनी शामिल हैं।
इस कार्रवाई से साफ है कि पंचायत चुनाव में पार्टी अनुशासन को लेकर कांग्रेस ने सख्त रुख अपनाया है।
बयाना में कांग्रेस के टिकट पर जीतीं, भाजपा से बनीं उप प्रधान
भरतपुर जिले की बयाना पंचायत समिति में राजनीतिक समीकरण ने खासा ध्यान खींचा। कांग्रेस के पूर्व विधायक अमरसिंह की बेटी भाजपा के समर्थन से निर्विरोध उप प्रधान चुनी गईं। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने पंचायत समिति का चुनाव कांग्रेस के टिकट पर जीता था।
वहीं अजमेर की पीसांगन पंचायत समिति में कांग्रेस के मेघाराम देवासी उप प्रधान बने। दौसा में भी भाजपा और कांग्रेस दोनों को सफलता मिली।
उदयपुर में एक वोट ने रद्द कराया चुनाव
उदयपुर जिले की ओगणा पंचायत समिति में उप प्रधान चुनाव के दौरान मतगणना में 15 की जगह 16 वोट निकलने से विवाद खड़ा हो गया। इसके बाद चुनाव निरस्त कर दिया गया। कलेक्टर ने मामले की रिपोर्ट राज्य निर्वाचन विभाग को भेज दी है।
निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, मानवीय भूल के कारण निर्धारित संख्या से अधिक मतदान हुआ। अब आगे की कार्रवाई राज्य निर्वाचन विभाग के निर्देशों के अनुसार होगी।
खजूरी और टोडारायसिंह में भी विवाद
भीलवाड़ा जिले की खजूरी पंचायत समिति में प्रधान चुनाव के दौरान शुरू हुआ विवाद दूसरे दिन भी जारी रहा। मामले की जांच करने पहुंचे एसपी सागर राणा और भाजपा विधायक गोपीचंद मीणा के बीच नोकझोंक हुई।
वहीं टोंक जिले की टोडारायसिंह पंचायत समिति में कांग्रेस प्रत्याशी नरेश मीणा और उनके समर्थकों को कथित तौर पर एक मिनट की देरी के चलते मतदान केंद्र के गेट पर रोक दिया गया। इसके बाद पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच बहस हुई।
37 जिलों से हटी आचार संहिता
उप प्रधान पद के चुनाव परिणाम आने के बाद 37 जिलों से आचार संहिता हटा दी गई है। हालांकि कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर में अभी आचार संहिता लागू रहेगी।
गौरतलब है कि पंचायतीराज चुनावों की घोषणा के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में 3 अक्टूबर से आचार संहिता लागू थी। अब इसके हटने से संबंधित जिलों में तबादलों और नई योजनाओं से जुड़े कार्यों पर लगी रोक भी हटने का रास्ता साफ हो गया है।