जोधपुर: भारत की रक्षा क्षमताओं और सैन्य तैयारियों से रूबरू होने के लिए विभिन्न देशों से आए रक्षा पत्रकारों का प्रतिनिधिमंडल शनिवार को जोधपुर पहुंचा। एयरपोर्ट पर विदेशी मेहमानों का राजस्थानी लोक संगीत और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ भव्य स्वागत किया गया। मारवाड़ की सांस्कृतिक झलक देखकर विदेशी पत्रकार भी अभिभूत नजर आए।

विदेश मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित इस परिचयात्मक यात्रा में 33 देशों के पत्रकार शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल 2 दिसंबर तक जोधपुर में रहेगा। राजस्थान पर्यटन के सहयोग से शनिवार को शहर भ्रमण का कार्यक्रम भी रखा गया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 29 और 30 नवंबर को प्रतिनिधिमंडल के सदस्य भारतीय सेना की 12वीं कोर के साथ विभिन्न कार्यक्रमों और संवाद सत्रों में हिस्सा लेंगे। एक दिसंबर को जोधपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।

इस यात्रा का उद्देश्य विदेशी पत्रकारों को भारत की रक्षा क्षमताओं, मेक इन इंडिया पहल, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और सामरिक नीतियों की प्रत्यक्ष जानकारी देना है।

Tags: