जयपुर: आमजन की पुलिस शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जयपुर पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने शनिवार को खोरा बिसल थाने में जनसुनवाई की। इसमें झोटवाड़ा सर्किल के पांच थाना क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। कई मामलों में मौके पर ही अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई में झोटवाड़ा, करधनी, कालवाड़, मुरलीपुरा और खोरा बिसल क्षेत्र के परिवादियों ने पारिवारिक विवाद, जमीन-संपत्ति, अवैध कब्जे, चोरी और मारपीट से जुड़ी शिकायतें प्रस्तुत कीं। पुलिस कमिश्नर के साथ अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर प्रथम डॉ. रामेश्वर सिंह ने भी मामलों की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

सचिन मित्तल ने कहा कि प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्षता और संवेदनशीलता से कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने लंबित प्रकरणों का समयबद्ध और नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। जनसुनवाई में पुलिस उपायुक्त पश्चिम प्रशांत किरण सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

Tags: