जयपुर: राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के बाद अब पंचायत समितियों में उप प्रधान पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। शनिवार को प्रदेश के 37 जिलों की 419 पंचायत समितियों में चुनाव प्रक्रिया जारी रही। इनमें से 72 पंचायत समितियों में उप प्रधान निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। शेष सीटों पर भाजपा, कांग्रेस, आरएलपी और निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है।

अजमेर की पीसांगन पंचायत समिति में कांग्रेस के मेघाराम देवासी उप प्रधान चुने गए। वहीं नागौर की पांचौड़ी और मूंडवा पंचायत समितियों में आरएलपी के प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए। जैसलमेर की भणियाणा, नाचना, रामगढ़, खुहड़ी और सांकड़ा पंचायत समितियों में भी कांग्रेस प्रत्याशियों ने निर्विरोध जीत दर्ज की।

भरतपुर की बयाना पंचायत समिति में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीतने वाली पूर्व विधायक अमरसिंह की बेटी भाजपा से निर्विरोध उप प्रधान बनीं। दूसरी ओर भीलवाड़ा के खजूरी में बस में तोड़फोड़ को लेकर विवाद हुआ, जबकि टोंक के टोडारायसिंह में पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच बहस हुई।

जोधपुर में क्रॉस वोटिंग के मामले में कांग्रेस ने पांच निर्वाचित सदस्यों को पार्टी से निष्कासित कर दिया। उप प्रधान चुनाव पूरे होने के बाद प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव की प्रक्रिया पूरी होगी और आचार संहिता हटने का रास्ता साफ होगा।

Tags: