4 हजार ऋण मामलों का होगा निपटारा! DRT जयपुर में 400 करोड़ की वसूली का लक्ष्य
ऋण वसूली अधिकरण की तीसरी लोक अदालत, 4 हजार मामलों पर होगी सुनवाई
जयपुर: किसानों और अन्य ऋणकर्ताओं को पुराने कर्ज विवादों से राहत दिलाने के लिए जयपुर में 4 दिसंबर को विशेष लोक अदालत आयोजित की जाएगी। ऋण वसूली अधिकरण (DRT) जयपुर और डीआरटी बार एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन में करीब 4 हजार प्रकरण रखे जाने की तैयारी है। आयोजकों ने लगभग 400 करोड़ रुपये की वसूली का लक्ष्य रखा है।
लोक अदालत का शुभारंभ ऋण वसूली अपीलीय अधिकरण दिल्ली के अध्यक्ष न्यायाधीश डॉ. सुधीर कुमार जैन करेंगे। इससे पहले आयोजित दो विशेष लोक अदालतों में 750 से अधिक मामलों का निस्तारण हुआ और बैंकों को करीब 750 करोड़ रुपये की वसूली हुई थी।
इस बार बैंकों और वित्तीय संस्थानों से समझौते के अधिकार रखने वाले वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाया गया है। जरूरतमंद ऋणकर्ताओं को भुगतान के लिए 31 मार्च 2027 तक का समय देने के प्रस्ताव पर भी विचार हो सकता है। आयोजन में करीब 100 स्वयंसेवक पक्षकारों की सहायता करेंगे। समझौता करने के इच्छुक ऋणकर्ता 4 दिसंबर से पहले संबंधित बैंक या अपने अधिवक्ता से संपर्क कर सकते हैं।