प्रधान चुनाव में हाईवोल्टेज ड्रामा, कैमरे वाले चश्मे और पेन से वोटिंग की कोशिश ने मचाया हड़कंप
राजस्थान में प्रधान चुनाव बना सियासी जंग, बाड़ेबंदी से लेकर मतदान केंद्र तक मचा हंगामा
जयपुर: राजस्थान की 419 पंचायत समितियों में प्रधान पद के चुनाव के दौरान शुक्रवार को कई जगह हंगामा और तनाव देखने को मिला। कहीं पंचायत समिति सदस्यों को मतदान से रोकने की कोशिश हुई तो कहीं पथराव और पुलिस के हल्के बल प्रयोग की घटनाएं सामने आईं।
खैरथल-तिजारा के कोटकासिम में चार पंचायत समिति सदस्य कैमरे लगे चश्मे पहनकर मतदान करने पहुंचे। एक सदस्य के पेन में भी कैमरा लगा मिला। पुलिस ने जांच के दौरान इन उपकरणों को हटवाया।
बहरोड़ में भाजपा समर्थित सदस्यों की गाड़ियों के शीशे तोड़े गए, जबकि भीलवाड़ा की खजूरी पंचायत समिति में कांग्रेस सदस्यों को लेकर आई बस पर हमला हुआ। टोंक के मालपुरा में पुलिस के हल्के बल प्रयोग के दौरान कांग्रेस नेता गोपाल गुर्जर समेत दो लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई।
नीमकाथाना में प्रत्याशी चयन से नाराज समर्थकों ने बाड़ेबंदी के बाहर पथराव किया। वहीं, नागौर में कांग्रेस और आरएलपी के बीच सदस्य को लेकर विवाद हुआ। चित्तौड़गढ़ में भाजपा-कांग्रेस के बराबर सदस्य होने से एक वोट निर्णायक बन गया। कई स्थानों पर पुलिस की निगरानी में मतदान कराया गया।