बाड़मेर रेलवे स्टेशन को मिली बड़ी सौगात, 2.94 करोड़ से बना आधुनिक गुड्स शेड तैयार
व्यापारियों को मिलेगी बेहतर सुविधा, बाड़मेर रेलवे स्टेशन पर तैयार हुआ नया माल गोदाम
बाड़मेर: राजस्थान के बाड़मेर रेलवे स्टेशन पर 2.94 करोड़ रुपये की लागत से नया आधुनिक गुड्स शेड बनकर तैयार हो गया है। इससे स्थानीय व्यापारियों को रेलवे के जरिए माल की बुकिंग, लोडिंग और अनलोडिंग में बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
रेलवे के सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार, गुड्स शेड में श्रमिकों के लिए लेबर रूम, बैठने की व्यवस्था, शौचालय और पेयजल की सुविधा दी गई है। व्यापारियों के लिए मर्चेंट रूम और मुख्य माल पर्यवेक्षक कक्ष भी बनाया गया है।
इसके अलावा प्लेटफॉर्म की सरफेसिंग और एप्रोच रोड का निर्माण किया गया है। परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं। नई सुविधा से क्षेत्र में माल परिवहन और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।