जयपुर: साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और पुलिस जांच को आधुनिक तकनीक से मजबूत बनाने के लिए राजस्थान पुलिस एवं राजस्थान साइबर क्राइम कंट्रोल सेंटर (आर4सी) की ओर से 28 और 29 नवंबर को साइबर सिक्योरिटी हैकाथॉन-2026 आयोजित किया जाएगा। राजस्थान पुलिस अकादमी में होने वाले इस आयोजन में देशभर से चयनित 37 टीमें हिस्सा लेंगी। टीमें लगातार 24 घंटे काम करके साइबर अपराधों से निपटने के लिए तकनीकी समाधान और डिजिटल टूल विकसित करेंगी।

हैकाथॉन का उद्घाटन 28 नवंबर को सुबह 10 बजे पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा और अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) भास्कर ए. सावंत करेंगे। समापन समारोह 29 नवंबर को शाम चार बजे होगा, जिसमें मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास विजेताओं को पुरस्कृत करेंगे।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (साइबर क्राइम) वीके सिंह के अनुसार, आयोजन का उद्देश्य पुलिसिंग में तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देना और साइबर अपराधों की रोकथाम एवं जांच के लिए आधुनिक समाधान विकसित करना है।

ऑनलाइन ठगी और महिलाओं-बच्चों की सुरक्षा पर फोकस

हैकाथॉन में 1930 साइबर हेल्पलाइन पर मिलने वाली शिकायतों के त्वरित निस्तारण, ठगी की रकम की रिकवरी, महिलाओं एवं बच्चों के खिलाफ ऑनलाइन अपराधों की रोकथाम और साइबर जांच प्रक्रिया के ऑटोमेशन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

प्रतिभागी फर्जी वेबसाइट, फिशिंग लिंक, संदिग्ध ऐप, सोशल मीडिया पर अवैध गतिविधियों की निगरानी, एआई आधारित जांच उपकरण और वित्तीय अपराधों की मनी ट्रेल का विश्लेषण करने जैसी पांच तकनीकी चुनौतियों पर काम करेंगे।

आयोजन में पांच तकनीकी सत्र और साइबर सुरक्षा से जुड़ी प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। प्रतियोगिता की पांच श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाली टीमों को कुल 15 पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके लिए पांच लाख रुपये की राशि निर्धारित की गई है।

उल्लेखनीय है कि ऑनलाइन पंजीकरण के दौरान देशभर से 342 टीमों के 938 प्रतिभागियों ने आवेदन किया था। चयन प्रक्रिया के बाद 37 टीमों के 109 विद्यार्थियों को अंतिम चरण के लिए चुना गया है।

Tags: