जयपुर: हैरान कर देने वाली ये कहानी राजस्थान के जयपुर की है. एक ऐसा शख्स, जो पढ़ाई में 11वीं तक पहुंचा था. उसने मेडिकल की पढ़ाई नहीं की थी. डॉक्टर बनने के लिए जरूरी डिग्री भी नहीं थी. लेकिन कुछ साल बाद वो दिल्ली के अस्पतालों में डॉक्टर की तरह काम कर रहा था. नाम है रामकिशोर महावर.
राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप यानी SOG की जांच में सामने आया कि रामकिशोर ने कथित तौर पर करीब साढ़े छह लाख रुपये खर्च किए और अपने लिए 12वीं, MBBS और MD की फर्जी डिग्रियां बनवा लीं. इसके बाद इन दस्तावेजों के आधार पर दिल्ली मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन भी करा लिया.
अब सवाल है कि सिर्फ फर्जी डिग्री बनवा लेने से कोई डॉक्टर कैसे बन सकता है? अस्पताल में नौकरी कैसे मिल सकती है? और मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन तक कैसे हो सकता है? SOG की जांच में जिस गिरोह का खुलासा हुआ, उसके काम करने का तरीका इसी सवाल का जवाब देता है.
जांच में सामने आया कि गिरोह के लोग फेसबुक और वॉट्सएप के जरिए बेरोजगार लोगों से संपर्क करते थे. उन्हें फर्जी मेडिकल डिग्रियां और प्रमाण-पत्र बनवाने का रास्ता बताया जाता था. लेकिन यह सिर्फ डिग्री छापने का मामला नहीं था. आरोप है कि गिरोह के सदस्य फर्जी दस्तावेज तैयार करवाने के बाद उन्हें विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर वेरिफाई करवाने और मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन कराने तक का इंतजाम करते थे.
यानी किसी को फर्जी डॉक्टर बनाने के लिए पूरा रास्ता तैयार किया जाता था. कोई डिग्री और प्रमाण-पत्र बनवाने का काम देखता था, कोई ऑनलाइन वेरिफिकेशन की व्यवस्था करता था और कोई मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन कराने में मदद करता था. इस तरह फर्जी कागजों को असली दिखाने की कोशिश की जाती थी.
SOG के मुताबिक, रामकिशोर महावर पहले राजस्थान के प्राइवेट नर्सिंग होम और अस्पतालों में काम कर चुका था. इसके बाद वह दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में भी काम करने लगा. यानी जिस शख्स की असली पढ़ाई 11वीं तक थी, वह फर्जी डिग्रियों के सहारे डॉक्टर बन गया. मरीज उसके पास इलाज के लिए आते रहे और उन्हें उसकी असली योग्यता की जानकारी नहीं थी. बड़ा सवाल यही है कि अस्पतालों में भर्ती से पहले उसकी डिग्रियों और मेडिकल रजिस्ट्रेशन की जांच किस तरह हुई? क्या दस्तावेजों की पड़ताल में कोई कमी रह गई? फिलहाल इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही सामने आएंगे.
राजस्थान SOG ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए थे. फर्जी डिग्री बनवाने वाले दूसरे लोगों की भी तलाश की जा रही है. इसके साथ ही विश्वविद्यालयों से जुड़े संदिग्ध संपर्कों की जांच भी की जा रही है. SOG यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फर्जी डिग्रियां बनवाने और उनके वेरिफिकेशन से लेकर मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन तक का पूरा नेटवर्क कैसे काम करता था.
इस कहानी में फेसबुक, वॉट्सएप, फर्जी डिग्री और मेडिकल रजिस्ट्रेशन जैसे कई पहलू हैं. लेकिन इसका सबसे गंभीर हिस्सा अस्पताल में इलाज कराने वाले मरीज हैं. जब कोई मरीज डॉक्टर के पास जाता है, तो वह उसकी डिग्री नहीं देखता. वह भरोसा करता है कि सामने बैठा व्यक्ति बीमारी समझने और इलाज करने की काबिलियत रखता है. लेकिन अगर कोई शख्स फर्जी डिग्री के सहारे डॉक्टर बनकर इलाज करने लगे, तो यह धोखाधड़ी किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है. फिलहाल राजस्थान SOG की जांच जारी है. देखना होगा कि इस गिरोह की कड़ियां कहां-कहां तक पहुंचती हैं और इस रास्ते से डॉक्टर बने कितने दूसरे लोगों के नाम सामने आते हैं.
Tags: