जयपुर: कैंसर चिकित्सा के क्षेत्र में हो रहे वैज्ञानिक बदलावों और अत्याधुनिक उपचार तकनीकों को लेकर जयपुर में देशभर के विशेषज्ञ एक मंच पर जुटेंगे। राजधानी में 28 और 29 नवंबर को दो दिवसीय ‘इंडिया-यूरोपियन कैंसर सम्मेलन 2026’ आयोजित किया जाएगा। इसमें करीब 300 कैंसर रोग विशेषज्ञ और चिकित्सा पेशेवर हिस्सा लेंगे।

एचसीजी कैंसर सेंटर, जयपुर की ओर से वैश्विक स्वास्थ्य देखभाल अकादमी के तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन में कैंसर से संबंधित नवीन अनुसंधान, विकसित हो रही दवाओं और आधुनिक उपचार पद्धतियों पर विस्तार से चर्चा होगी।

सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कैंसर चिकित्सा में हुई वैज्ञानिक प्रगति की जानकारी साझा करना है। इसके साथ ही नवीन उपचार तकनीकों को भारतीय चिकित्सा दिशानिर्देशों में शामिल करने की संभावनाओं पर विशेषज्ञ विचार-विमर्श करेंगे।

आयोजन अध्यक्ष डॉ. नरेश सोमानी और सचिव डॉ. जितेंद्र पहलजानी के नेतृत्व में सम्मेलन की तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम में कैंसर की जांच और उपचार से संबंधित विशेष कार्यशालाएं भी आयोजित होंगी।

ऊतक जांच संबंधी कार्यशाला की आयोजन सचिव डॉ. इशिता गुप्ता के अनुसार, विशेषज्ञों को नेक्स्ट जेनरेशन सीक्वेंसिंग (एनजीएस) सहित अत्याधुनिक जांच तकनीकों में हुई प्रगति से अवगत कराया जाएगा।

वहीं, विकिरण चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. मीतू जैन के नेतृत्व में रेडियोथेरेपी की नवीन विधियों पर विशेष कार्यशाला आयोजित होगी। इसमें आधुनिक तकनीकों के माध्यम से कैंसर के विकिरण उपचार से संबंधित जानकारी साझा की जाएगी।

दो दिवसीय सम्मेलन के माध्यम से कैंसर विशेषज्ञों को नवीन वैज्ञानिक शोध और चिकित्सा अनुभवों के आदान-प्रदान का अवसर मिलेगा।

Tags: