जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर के दिल्ली बाईपास स्थित श्री खोले के हनुमानजी मंदिर में 29 नवंबर को 66वां लक्खी अन्नकूट महोत्सव आयोजित किया जाएगा। आयोजन में दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। मंदिर परिसर के सभी देवालयों में अन्नकूट और छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा।

श्री नरवर आश्रम सेवा समिति के अनुसार, करीब 65 वर्ष पहले ढाई किलो अन्न से शुरू हुआ यह महोत्सव आज विशाल धार्मिक आयोजन का रूप ले चुका है। इस बार केदारनाथ की बर्फ की झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगी।

प्रसादी तैयार करने के लिए 61 भट्टियों और 22 चूल्हों की व्यवस्था की गई है। दोपहर 12:30 बजे से रात 11 बजे तक 13 अलग-अलग खंडों में पंगत प्रसादी वितरित की जाएगी। करीब पांच हजार कार्यकर्ता और स्वयंसेवक व्यवस्थाएं संभालेंगे।

धार्मिक सद्भाव की परंपरा के तहत हड्डीशाह बाबा की मजार पर भी प्रसादी अर्पित कर चादर चढ़ाई जाएगी। महोत्सव में भजन-कीर्तन, विशेष झांकियां और निशुल्क स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था रहेगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।

Tags: