हिस्ट्रीशीटर के साथ घूमना पड़ा भारी, ASI समेत पांच पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
हिस्ट्रीशीटर के साथ वायरल तस्वीरों से मचा हड़कंप, पांच पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
उदयपुर: राजस्थान के उदयपुर जिले में हिस्ट्रीशीटर के साथ पुलिसकर्मियों के घूमने की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने कार्रवाई की है। बुधवार देर रात सायरा थाने में तैनात एक एएसआई समेत पांच पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया।
कार्रवाई की जद में एएसआई राजेंद्र सिंह, कॉन्स्टेबल नरपतराम, गुमान सिंह, धर्मेंद्र कुमार और लोकेन्द्र सिंह शामिल हैं। इससे पहले इसी हिस्ट्रीशीटर के साथ तस्वीर वायरल होने पर कॉन्स्टेबल रूपाराम टेलर को भी 14 नवंबर को लाइन हाजिर किया गया था।
मामले की जांच गिर्वा डीएसपी छगन राजपुरोहित को सौंपी गई थी। जांच के दौरान पुलिसकर्मियों ने बताया कि वे अगस्त 2026 में एक मामले के आरोपियों को पकड़ने के लिए दमन-दीव गए थे। हालांकि, उन्होंने हिस्ट्रीशीटर के साथ होने से इनकार किया था।
डीएसपी की जांच रिपोर्ट के बाद एसपी ने पांचों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर करने का फैसला लिया। वहीं, तत्कालीन थानाधिकारी के विदाई समारोह में भी इसी हिस्ट्रीशीटर की मौजूदगी वाली तस्वीर सामने आने के बाद विभागीय कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं।