उदयपुर: राजस्थान के उदयपुर जिले के वल्लभनगर उपखंड स्थित मेनार गांव में लेपर्ड की सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। बुधवार देर रात एक लेपर्ड आबादी क्षेत्र में घुसकर कुत्ते के पिल्ले का शिकार कर उसे उठा ले गया। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, गुरुवार तड़के करीब 1:03 बजे लेपर्ड एक घर के पास पहुंचा। कुछ देर आसपास का जायजा लेने के बाद वह घर में घुसा और कुत्ते के पिल्ले को दबोचकर ले गया।

सुबह ग्रामीणों ने जब सीसीटीवी फुटेज देखा तो गांव में हड़कंप मच गया। आबादी क्षेत्र में लेपर्ड की आवाजाही से ग्रामीणों को छोटे बच्चों और पालतू मवेशियों की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से गांव में पिंजरा लगाकर लेपर्ड को जल्द पकड़ने की मांग की है, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Tags: