डूंगरपुर में 23-24 दिसंबर को होगा शिक्षकों का राज्य स्तरीय सम्मेलन, तैयारियां तेज
शिक्षकों के अधिकारों और लंबित समस्याओं को लेकर संगठन ने बुलंद की आवाज
डूंगरपुर: राजस्थान शिक्षक संघ का 63वां राज्य स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन 23 और 24 दिसंबर को डूंगरपुर में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर सीकर के शिक्षक भवन में प्रांतीय अध्यक्ष उपेंद्र शर्मा की अध्यक्षता में कार्यकारिणी की बैठक हुई। इसमें प्रदेशभर के पदाधिकारियों ने संगठन की आगामी गतिविधियों और शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
प्रांतीय महामंत्री विजय पोटलिया ने सम्मेलन के लिए जिलेवार जिम्मेदारियां निर्धारित करते हुए अधिकाधिक शिक्षकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। बैठक में 12 दिसंबर को दिल्ली में प्रस्तावित राष्ट्रीय कर्मचारी रैली को सफल बनाने पर भी जोर दिया गया।
शिक्षक संघ ने पारदर्शी स्थानांतरण नीति, नियमित पदोन्नति, पुरानी पेंशन योजना की सुरक्षा, संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण और आठवें वेतन आयोग की सिफारिशें समय पर लागू करने की मांग उठाई। इसके अलावा वर्ष 2010 से पहले नियुक्त शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त रखने की मांग भी की गई।
संगठन के पदाधिकारियों ने शिक्षकों के रिक्त पदों और गैर-शैक्षणिक कार्यों के बढ़ते बोझ पर चिंता जताते हुए शिक्षक हितों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।