राजस्थान विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने मुख्य सचिव को सौंपा ज्ञापन, बकाया भुगतान की मांग
न्यायालय के आदेश और पदोन्नति के बावजूद सेवा लाभों का इंतजार, शिक्षक संगठन ने उठाई आवाज
जयपुर; राजस्थान विश्वविद्यालय में करियर एडवांसमेंट स्कीम (सीएएस) के तहत पदोन्नत वरिष्ठ एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों का वेतन निर्धारण और बकाया सेवा लाभों का मामला करीब आठ वर्षों से लंबित है। इसके समाधान के लिए ऑल राजस्थान यूनिवर्सिटीज टीचर्स एसोसिएशन (आरुटा) और सोसाइटी फॉर पब्लिक ग्रीवेंस के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास से हस्तक्षेप की मांग की है।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, 98 सेवानिवृत्त शिक्षकों के मामले में न्यायालय ने 29 नवंबर 2018 को शिक्षकों के पक्ष में आदेश दिया था। वर्ष 2021 में राज्य सरकार की अनुमति से पदोन्नति आदेश भी जारी किए गए, लेकिन वेतन निर्धारण और बकाया सेवा लाभों का निस्तारण अब तक नहीं हुआ है।
आरुटा अध्यक्ष प्रो. बी.डी. रावत के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने उच्च शिक्षा विभाग और विश्वविद्यालय प्रशासन को लंबित प्रकरणों का शीघ्र समाधान करने के निर्देश देने की मांग की। शिक्षक संगठन ने प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद जल्द सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद जताई है।