भीलवाड़ा जिला परिषद की कमान कांग्रेस के हाथ, कैलाश मीणा बने जिला प्रमुख
भीलवाड़ा में भाजपा को शिकस्त, अब उप जिला प्रमुख के चुनाव पर टिकी निगाहें
भीलवाड़ा: राजस्थान के भीलवाड़ा जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी कैलाशचंद्र मीणा ने भाजपा के सुखालाल गुर्जर को 17 मतों के अंतर से हराकर जीत हासिल की। जिला परिषद के सभी 45 सदस्यों ने मतदान किया, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी को 31 और भाजपा प्रत्याशी को 14 वोट मिले।
प्रत्याशी चयन को लेकर कांग्रेस में लंबे मंथन के बाद कैलाशचंद्र मीणा के नाम पर सहमति बनी थी। चुनाव परिणाम घोषित होते ही उनके गृह क्षेत्र कास्या और बिजौलियां में समर्थकों ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया।
मतदान से पहले जिला कलेक्ट्रेट परिसर में प्रवेश को लेकर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद और धक्का-मुक्की भी हुई। हालांकि, पुलिस की मौजूदगी में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुई।
जीत के बाद कैलाशचंद्र मीणा, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव धीरज गुर्जर और देहात जिलाध्यक्ष रामलाल जाट ने जनता का आभार जताया। उन्होंने जिला परिषद के माध्यम से विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही। अब 26 नवंबर को होने वाले उप जिला प्रमुख के निर्वाचन पर राजनीतिक दलों की निगाहें टिकी हैं।