जयपुर: राजस्थान के जयपुर जिला प्रमुख चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी यशवीर सूरा ने भाजपा के राजेश कुमार गुर्जर को 28 मतों के अंतर से हराकर जीत हासिल की। जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक के अनुसार, सूरा को 42 और गुर्जर को 14 मत प्राप्त हुए। निर्वाचन के बाद सूरा को पद की शपथ दिलाई गई।

जीत के बाद यशवीर सूरा ने जनता, जिला परिषद सदस्यों और कांग्रेस नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास, आमजन की समस्याओं का समाधान और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी।

सूरा ने भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए चुनाव परिणाम को जनता की नाराजगी का संकेत बताया। उन्होंने वर्ष 2028 में राजस्थान में कांग्रेस और 2029 में केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने का दावा भी किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, उप जिला प्रमुख पद के लिए 26 नवंबर को जिला परिषद कार्यालय में निर्वाचन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। मतदान के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।

Tags: