जयपुर में सड़क चौड़ीकरण की कवायद तेज, रेलवे की जमीन की होगी जांच
सड़क चौड़ीकरण को लेकर यूडीएच मंत्री के निर्देश, रेलवे की जमीन की होगी नापजोख
जयपुर: राजधानी जयपुर में 22 गोदाम से बी-2 बाइपास तक सड़क चौड़ीकरण की योजना के तहत रेलवे की जमीन की सीमा की जांच की जाएगी। यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने जेडीए अधिकारियों को वर्ष 1925 और 1952 से 1955 के बीच के सेटलमेंट रिकॉर्ड जुटाकर वर्तमान स्थिति से मिलान करने के निर्देश दिए हैं।
जेडीए ने निरीक्षण के दौरान सड़क सीमा में आने वाले करीब 64 निर्माण चिह्नित किए हैं। प्रस्तावित मार्ग को तीन हिस्सों में बांटकर क्रमशः 40, 60 और 80 फीट चौड़ा करने की योजना है।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि रेलवे आवंटित सीमा से अधिक जमीन पर काबिज पाया जाता है, तो नियमानुसार नोटिस जारी किया जाएगा। रेलवे की ओर से प्रस्तुत दस्तावेजों और आपत्तियों की वैधानिक जांच भी की जाएगी।
सड़क चौड़ीकरण पूरा होने से बी-2 बाइपास और 22 गोदाम के बीच सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही टोंक रोड पर यातायात का दबाव कम होने से वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।