बीकानेर: राजस्थान के बीकानेर में सर्दियों की शुरुआत के साथ ही सदियों पुरानी धूना जलाने की परंपरा फिर जीवंत हो गई है। किकाणी व्यासों के चौक स्थित भैरूजी मंदिर के पास कोलायत मेले के अवसर पर पारंपरिक धूने का शुभारंभ किया गया। धूना संचालक बाबा छोटू नाथ उर्फ भरत व्यास ने बताया कि यह होलिका दहन तक निरंतर जलता रहेगा।

बीकानेर में धूना केवल सर्दी से बचने का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और आपसी संवाद का महत्वपूर्ण केंद्र भी है। सर्द रातों में इसके आसपास बैठकर लोग लोक संस्कृति, सामाजिक मुद्दों और पुराने संस्मरणों पर चर्चा करते हैं।

धूने की महफिलों में बुजुर्गों के अनुभवों से नई पीढ़ी को स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को समझने का अवसर मिलता है। स्थानीय नागरिकों के सहयोग से संचालित यह परंपरा आधुनिकता के दौर में भी सामुदायिक एकता, अपनत्व और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का माध्यम बनी हुई है।

Tags: