संविधान दिवस पर रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने किया उद्देशिका का सामूहिक वाचन
जयपुर में संविधान दिवस समारोह, रेलवे कर्मचारियों ने लिया राष्ट्रीय एकता का संकल्प
जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर स्थित उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में गुरुवार को 77वां संविधान दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने विभागाध्यक्षों, अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया।
कार्यक्रम के दौरान रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान में निहित मूलभूत आदर्शों और लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करने तथा राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रतिवर्ष संविधान दिवस मनाया जाता है।
समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों को ‘माई भारत’ पोर्टल पर आयोजित ऑनलाइन प्रश्नोत्तरी में भाग लेने और संविधान की उद्देशिका का ऑनलाइन वाचन कर प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया।