फिल्म ‘ईठा’ के प्रमोशन के लिए जयपुर पहुंचे श्रद्धा और रणदीप
गुलाबी नगरी में दिखा श्रद्धा कपूर का लावणी अंदाज
जयपुर: गुलाबी नगरी में गुरुवार को महाराष्ट्र की लोककला और बॉलीवुड का खूबसूरत संगम देखने को मिला। आगामी फिल्म ‘ईठा’ के प्रचार के लिए जयपुर पहुंचे अभिनेत्री श्रद्धा कपूर और अभिनेता रणदीप हुड्डा ने प्रसिद्ध राज मंदिर सिनेमा में प्रशंसकों से मुलाकात की। श्रद्धा ने स्थानीय नृत्यांगनाओं के साथ पारंपरिक लावणी की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर दोनों कलाकारों ने फिल्म के गाने का पोस्टर जारी किया और मीडिया के साथ शूटिंग से जुड़े अपने अनुभव साझा किए।
श्रद्धा कपूर ने जयपुर को अपने लिए खास और भाग्यशाली शहर बताया। उन्होंने कहा कि यहां जिन फिल्मों का प्रचार किया, उन्हें दर्शकों से भरपूर प्यार मिला है। अभिनेत्री ने ‘ईठा’ को अपने लिए बेहद खास फिल्म बताते हुए दर्शकों से इसकी कहानी देखने की अपील की।
फिल्म में अपने किरदार को लेकर श्रद्धा ने बताया कि लावणी नृत्य की बारीकियों को समझने के लिए उन्होंने लंबे समय तक अभ्यास किया। फिल्म में महाराष्ट्र की इस पारंपरिक नृत्यकला को खूबसूरती के साथ प्रस्तुत किया गया है।
वहीं, रणदीप हुड्डा ने जयपुर में प्रशंसकों से मिले प्यार और उत्साह पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि दर्शकों का अपनापन कलाकारों के लिए हमेशा विशेष महत्व रखता है।
‘ईठा’ महाराष्ट्र की प्रसिद्ध तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित संगीतमय जीवनीपरक फिल्म है। श्रद्धा कपूर फिल्म में विठाबाई की भूमिका निभा रही हैं।
फिल्म में विठाबाई के करीब चार दशकों के कलात्मक सफर, प्रेम, विश्वासघात, संघर्ष और व्यक्तिगत चुनौतियों के बीच अपनी पहचान स्थापित करने की कहानी दिखाई जाएगी।
लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में श्रद्धा कपूर और रणदीप हुड्डा के अलावा मोहम्मद जीशान अय्यूब, सिद्धार्थ जाधव, इश्तियाक खान और अनंत जोशी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशंस के बैनर तले निर्मित इस फिल्म के निर्माता दिनेश विजान और लक्ष्मण उतेकर हैं। फिल्म ‘ईठा’ चार दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।