जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर के भट्टा बस्ती थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत का मामला सामने आया है। रामनगर कॉलोनी स्थित एक मकान में शुक्रवार सुबह मां, बेटे और बेटी के शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि युवक ने अपनी मां और बहन की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। घटनास्थल पर दीवार से चिपका एक कागज भी मिला है, जिसके माध्यम से पुलिस को मोबाइल फोन में मौजूद सुसाइड नोट की जानकारी मिली।
मृतकों की पहचान सरोज तिवारी, उनके बेटे लकी और बेटी शिवांगी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी शुक्रवार, 27 नवंबर की सुबह करीब आठ बजे सामने आई। सूचना मिलते ही भट्टा बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस की शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। आशंका है कि गुरुवार को मां और बेटी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस मोबाइल फोन में दर्ज जानकारी के आधार पर घटनाक्रम की जांच कर रही है। हालांकि, हत्या और आत्महत्या से संबंधित सभी परिस्थितियों की अंतिम पुष्टि होना बाकी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को बुलाकर घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस ने मोबाइल फोन और संबंधित दस्तावेजों को जांच में शामिल किया है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। शुक्रवार सुबह परिवार के एक रिश्तेदार ने उनसे फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया था। जब किसी ने फोन नहीं उठाया तो उन्होंने पड़ोसियों से मकान पर जाकर देखने को कहा। इसके बाद घटना का पता चला।
बताया जा रहा है कि परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का रहने वाला था और लंबे समय से जयपुर की रामनगर कॉलोनी में निवास कर रहा था। लकी ऑनलाइन काम करता था। परिवार का आसपास के लोगों से मेलजोल भी काफी कम था। पुलिस परिवार की आर्थिक और सामाजिक परिस्थितियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि युवक के पिता की कई वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिवार में मां, बेटा और बेटी ही रह रहे थे। मोबाइल फोन में दर्ज जानकारी और घटनास्थल से बरामद साक्ष्यों का मिलान किया जा रहा है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच की रिपोर्ट मिलने के बाद ही तीनों की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
Tags: