ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से जनता का विश्वास जीतें आईपीएस अधिकारी: राज्यपाल
अपराधियों में कानून का भय बनाए रखना जरूरी: राज्यपाल हरिभाऊ बागडे
जयपुर; राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे से शुक्रवार को लोक भवन में भारतीय पुलिस सेवा के वर्ष 2024 और 2025 बैच के नव प्रशिक्षु अधिकारियों ने शिष्टाचार मुलाकात की। राज्यपाल ने सभी अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राज्यपाल बागडे ने अधिकारियों से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा के साथ देश की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधिकारियों को समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए।
उन्होंने ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जिम्मेदारी के साथ आमजन का विश्वास अर्जित करने पर विशेष जोर दिया। राज्यपाल ने कहा कि समाज में अपराध की प्रवृत्ति को कम करना पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए।
बागडे ने कहा कि अपराधियों में कानून और पुलिस का भय बना रहने से ही पुलिस का इकबाल कायम रहेगा। उन्होंने नव प्रशिक्षु अधिकारियों को जनसेवा और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करने के लिए प्रेरित किया।