जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर के शिवा क्लब के तीन युवा खिलाड़ियों ने मार्शल आर्ट्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडिया और एशिया रिकॉर्ड बनाने की उपलब्धि हासिल की है। शुक्रवार को आयोजित आधिकारिक रिकॉर्ड प्रयास में 16 वर्षीय गिर्राज मीणा, 14 वर्षीय पूर्वा श्री और 14 वर्षीय भविष्य धनोपिया ने अपनी-अपनी श्रेणियों में रिकॉर्ड प्रदर्शन किया।

इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के आधिकारिक प्रतिनिधि एवं एडजुडिकेटर डॉ. भुवनेश माथुरिया की मौजूदगी में यह आयोजन हुआ।

16 वर्षीय गिर्राज मीणा ने एक किलोग्राम का रिस्ट वेट पहनकर एक मिनट में 466 फुल-कॉन्टैक्ट पंच लगाए और इंडिया रिकॉर्ड बनाया। वहीं, 14 वर्षीय पूर्वा श्री ने दो किलोग्राम वजन पकड़कर एक मिनट में 220 नी स्ट्राइक्स लगाकर इंडिया और एशिया रिकॉर्ड अपने नाम किया।

इसी तरह 14 वर्षीय भविष्य धनोपिया ने दो किलोग्राम वजन के साथ एक मिनट में 311 डबल स्लैप किक्स लगाकर इंडिया और एशिया रिकॉर्ड की उपलब्धि हासिल की।

तीनों खिलाड़ियों के प्रशिक्षक और शिवा क्लब के संस्थापक प्रदीप सिंह राघव ने उनकी सफलता को निरंतर अभ्यास, मेहनत और समर्पण का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल और आत्मरक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए क्लब लगातार प्रयास कर रहा है। तीनों खिलाड़ियों की उपलब्धि से जयपुर और राजस्थान में खुशी का माहौल है।

Tags: