जयपुर: साइबर अपराधियों के नए हथकंडों पर लगाम लगाने के लिए राजस्थान पुलिस ने तकनीक और नवाचार का सहारा लिया है। राजस्थान पुलिस अकादमी में शनिवार को दो दिवसीय ‘राजस्थान पुलिस साइबर सिक्योरिटी हैकाथॉन-2026’ की शुरुआत हुई। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने इसका उद्घाटन किया। इसमें देशभर की 35 टीमें लगातार 24 घंटे काम करके साइबर अपराध से जुड़ी पांच प्रमुख चुनौतियों के तकनीकी समाधान तैयार करेंगी।

हैकाथॉन में फिशिंग लिंक और स्कैम संदेशों की पहचान, वित्तीय लेन-देन की कड़ी का विश्लेषण, AI आधारित CDR-IPDR जांच, सोशल मीडिया और टेलीग्राम की निगरानी तथा ATM फुटेज का विश्लेषण शामिल है।

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि साइबर अपराधी लगातार नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे में पुलिस को सरल, किफायती और व्यावहारिक तकनीकी समाधान अपनाने होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि हैकाथॉन में तैयार जिन समाधानों की उपयोगिता प्रमाणित होगी, उन्हें प्रदेशभर में लागू किया जा सकता है।

कार्यक्रम में साइबर विशेषज्ञों, विद्यार्थियों और पुलिसकर्मियों के साथ बैंकिंग एवं तकनीकी क्षेत्र के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। आयोजन में AI, डिजिटल फॉरेंसिक और ओपन सोर्स इंटेलिजेंस से जुड़ी तकनीकों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।

Tags: