जयपुर: फिटनेस और नशामुक्ति का संदेश लेकर रविवार को राजस्थान के 41 जिलों में युवा सड़कों पर उतरेंगे। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के तहत ‘फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल’ का 100वां संस्करण आयोजित होगा। इसे ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के 11वें सप्ताह से जोड़ा गया है।

माय भारत राजस्थान और भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के संयुक्त आयोजन में प्रदेश के प्रत्येक निर्धारित स्थल पर कम से कम 200 युवाओं की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। देशभर में 700 चिन्हित स्थानों पर यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार, राजस्थान के 37 जिलों में प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई जाएगी। प्रत्येक आयोजन स्थल पर सिग्नेचर वॉल भी बनाई जाएगी, जहां युवा और जनप्रतिनिधि नशामुक्त भारत का संकल्प लेकर हस्ताक्षर करेंगे।

इच्छुक युवा फिट इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट और माय भारत पोर्टल के माध्यम से निःशुल्क पंजीकरण कर सकते हैं। आयोजकों ने आम नागरिकों से भी इस अभियान में शामिल होने की अपील की है।

Tags: