बजट घोषणाओं को जमीन पर उतारने के लिए मिशन मोड में काम करें अधिकारी: भजनलाल शर्मा
राजस्थान में जल प्रबंधन को लेकर बड़ा निर्देश, बांधों की मरम्मत और रखरखाव को मिलेगी प्राथमिकता
जयपुर: राजस्थान में जल संसाधन परियोजनाओं और बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने आगामी जनवरी तक बजट घोषणाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और सभी कार्य मिशन मोड में पूरे करने को कहा है।
शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल परियोजनाओं को मंजूरी देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि निर्धारित समयसीमा में उन्हें धरातल पर उतारना भी जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने बांधों की मरम्मत और रखरखाव को प्राथमिकता देते हुए रिसाव रोकने के प्रभावी उपाय करने के निर्देश दिए। उन्होंने हरिके बैराज की नियमानुसार सफाई सुनिश्चित करने को भी कहा, ताकि राजस्थान को उसके हिस्से का स्वच्छ पानी मिल सके।
इसके अलावा उन्होंने जल परियोजनाओं की नियमित निगरानी और न्यायालयों में लंबित मामलों की प्रभावी पैरवी के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।