बुजुर्गों को द्वारका-सोमनाथ की मुफ्त तीर्थ यात्रा, 30 नवंबर को रवाना होगी विशेष ट्रेन
राजस्थान सरकार की तीर्थ यात्रा योजना: 25वीं ट्रेन से द्वारका-सोमनाथ जाएंगे बुजुर्ग
जयपुर: राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2026-27 के तहत 25वीं विशेष ट्रेन सोमवार, 30 नवंबर को सवाई माधोपुर से दुर्गापुरा (जयपुर) होते हुए द्वारका-सोमनाथ के लिए रवाना होगी। इस यात्रा में आठ जिलों के 970 वरिष्ठ नागरिकों सहित कुल 1,000 यात्री शामिल होंगे।
देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत के अनुसार, सवाई माधोपुर स्टेशन से 504 और दुर्गापुरा स्टेशन से 466 यात्री ट्रेन में सवार होंगे। अब तक 24 ट्रेनों के माध्यम से 23,408 और हवाई यात्रा से 1,674 श्रद्धालुओं को तीर्थ दर्शन कराए जा चुके हैं।
दिसंबर में भी तीर्थ यात्राओं का सिलसिला जारी रहेगा। 2 दिसंबर को कामाख्या, 7 दिसंबर को तिरुपति, 13 दिसंबर को उज्जैन, 15 दिसंबर को रामेश्वरम और 21 दिसंबर को जगन्नाथपुरी के लिए विशेष ट्रेनें रवाना होंगी। नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर की यात्रा भी दिसंबर में दोबारा शुरू की जाएगी।