Jammu-Kashmir: जिला पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई किए जाने के बावजूद खैर लकड़ी की तस्करी पर पूरी तरह से रोक नहीं लग पा रही है। ताज़ा मामले में शनिवार देर रात लखनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने खैर की लकड़ी से लदी एक महिंद्रा पिकअप को जब्त किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसएसपी मोहिता शर्मा के समग्र पर्यवेक्षण में लखनपुर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान पिकअप वाहन संख्या JK08M-6241 को रोका। जांच के दौरान वाहन में खैर की लकड़ी भरी हुई पाई गई, जिसे अवैध रूप से ले जाया जा रहा था।
यह कार्रवाई थाना प्रभारी (SHO) इंस्पेक्टर तारिक अहमद के नेतृत्व में तथा पीएसआई रॉबिन शर्मा के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस टीम ने कर्रोह की ओर से लखनपुर की तरफ आ रहे वाहन को जांच के लिए रोका।पूछताछ के दौरान चालक ने अपना नाम राजिंदर सिंह, पुत्र मेजर सिंह, निवासी धनोड़, तहसील व जिला कठुआ बताया। वाहन की तलाशी लेने पर चालक खैर की लकड़ी के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। चूंकि मामला वन विभाग से संबंधित है, इसलिए जब्त वाहन को आगे की कार्रवाई के लिए वन विभाग के हवाले कर दिया गया है।