जम्मू के किसानों को खाद संकट से मिलेगी राहत, यूरिया-डीएपी पर बड़ा आश्वासन
किसानों को अपनी जरूरत के अनुसार मिलेगी खाद, आधार आधारित वितरण होगा
जम्मू: जम्मू संभाग के किसानों को खाद की उपलब्धता और किसान आईडी पंजीकरण में आ रही परेशानियों को लेकर ऑल जम्मू-कश्मीर जाट सभा ने अधिकारियों के सामने मुद्दे उठाए हैं। सरदार मंजीत सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त जम्मू और कृषि निदेशक से मुलाकात कर यूरिया-डीएपी की पर्याप्त आपूर्ति तथा वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि खेती के सीजन में समय पर खाद नहीं मिलने से किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। वहीं, किसान आईडी पंजीकरण में तकनीकी और दस्तावेज संबंधी समस्याओं के कारण भी कई किसान कृषि सेवाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।
सभा ने नैनो लिक्विड यूरिया की खरीद को लेकर भी चिंता जताई। प्रतिनिधियों का आरोप था कि कुछ विक्रेता पारंपरिक खाद के साथ नैनो यूरिया खरीदने का दबाव बना रहे हैं।
इस पर कृषि निदेशक ने आश्वासन दिया कि किसानों को आधार आधारित वितरण प्रणाली के माध्यम से यूरिया और डीएपी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी विक्रेता को नैनो यूरिया खरीदने के लिए किसानों पर दबाव बनाने की अनुमति नहीं होगी।
जाट सभा के प्रधान मंजीत सिंह ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई से ही संभव है। प्रतिनिधिमंडल में सरदार तरलोक सिंह बाजवा, कमल चौधरी और अन्य सदस्य शामिल रहे।