दीक्षांत समारोह में चमके ITI के युवा, साहिल को मिला खास सम्मान
उत्तरकाशी में जम्मू के साहिल का कमाल, स्पोर्ट क्लाइंबिंग में जीता रजत
जम्मू: गवर्नमेंट इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (ITI) जम्मू में शनिवार को दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। शक्ति नगर स्थित संस्थान परिसर में हुए कार्यक्रम में प्रशिक्षण पूरा करने वाले मेधावी प्रशिक्षुओं को शैक्षणिक उपलब्धियों और कौशल विकास में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह का मुख्य आकर्षण प्रशिक्षु साहिल सिंह रहे, जिन्होंने उत्तरकाशी में आयोजित 30वीं आईएमएफ नॉर्थ जोन स्पोर्ट क्लाइंबिंग चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया। यह प्रतियोगिता 16 से 18 नवंबर तक नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग में हुई थी। इसमें उत्तर भारत के आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के करीब 80 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। संस्थान ने साहिल को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षुओं और स्टाफ सदस्यों ने प्रधानमंत्री का लाइव संबोधन भी सुना।
संस्थान के प्रिंसिपल ने सभी सम्मानित प्रशिक्षुओं और उनके अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने प्रशिक्षकों एवं कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए युवाओं से अपने हुनर का उपयोग रोजगार और स्वरोजगार के अवसर हासिल करने तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।