कश्मीर घाटी में बढ़ी ठिठुरन, श्रीनगर का तापमान शून्य पर पहुंचा
गुलमर्ग-पहलगाम में जमाने वाली ठंड, कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में ठंड का असर तेजी से बढ़ने लगा है। पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकांश इलाकों में रात का तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। कश्मीर घाटी के कई स्थानों पर पारा जमाव बिंदु यानी शून्य डिग्री या उससे नीचे पहुंच गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार रात श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले यह 2.0 डिग्री था।
गुलमर्ग सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान गिरकर माइनस 2.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। पहलगाम में माइनस 2.0 और कुपवाड़ा में माइनस 0.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। काजीगुंड में भी पारा शून्य डिग्री पर आ गया।
जम्मू संभाग में बनिहाल में सबसे अधिक 3.4 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। यहां न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री से घटकर 1.9 डिग्री सेल्सियस रह गया।
जम्मू शहर में तापमान 10.6 डिग्री, कटरा में 10.6 डिग्री और भद्रवाह में 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि, बटोत में तापमान मामूली बढ़कर 7.4 डिग्री पहुंच गया।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, दोनों संभागों में रात की ठंड बढ़ रही है और कश्मीर के कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज हो रहा है।