Himachal हिमाचल: हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ जारी अभियान के तहत ऊना जिले में पुलिस की एसआईयू (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट) विंग ने मंडी जिले के दो युवकों को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ऊना के घालूवाल पुल के पास ख्वाजा मंदिर के पास उस समय की गई जब एसआईयू की टीम रोजाना की तरह संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों की तलाशी ले रही थी। एसपी अमित यादव ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि एसआईयू विंग के हेड कांस्टेबल योगेश दीप अपनी टीम के साथ उक्त स्थान पर तैनात थे। इसी दौरान मंडी जिले के दो युवक बाइक पर होशियारपुर की तरफ जा रहे थे।
पुलिस को दोनों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं और जब उन्हें रोककर तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से 4.88 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक कुमार (25) निवासी गांव गुहाड़ मजबड़, डाकघर अप्पर भांबला, तहसील बलद्वार व जिला मंडी और सुनील कुमार (26) निवासी गांव व डाकघर पोंटा, तहसील सरकाघाट व जिला मंडी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि आरोपी नशे की यह खेप कहां से लाए थे और इसका आगे क्या इस्तेमाल होने वाला था।