हिमाचल की प्राचीन कला का अनमोल खजाना मिला, मंडी कलम से जुड़ा ऐतिहासिक दस्तावेज
मंडी रियासत की सांस्कृतिक विरासत का खजाना मिला, दुर्लभ पांडुलिपि बनी आकर्षण
मंडी: हिमाचल प्रदेश की प्राचीन चित्रकला और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी एक दुर्लभ पांडुलिपि मंडी रियासत की पुरानी राजधानी बासणी यानी बटोहली में मिली है। पांगणा के संस्कृति मर्मज्ञ डॉ. जगदीश शर्मा को यह ऐतिहासिक पांडुलिपि स्थानीय सेन परिवार के पास मिली। इसे खूबसूरत बेल-बूटों से सजी प्राचीन चांदी की डिबिया में सुरक्षित रखा गया था।
डॉ. जगदीश शर्मा के अनुसार, पांडुलिपि का मुखपृष्ठ अष्टकोणीय सीमा के भीतर बनी पारंपरिक पहाड़ी लघुचित्र शैली की आकृतियों से सुसज्जित है। इसमें देवनागरी लिपि में संस्कृत के धार्मिक श्लोक लिखे गए हैं। इसमें भगवान विष्णु, भगवती देवी, माता पार्वती, भगवान शिव और महामाया की स्तुति की गई है। इसका भावार्थ विश्व की रक्षा, भक्तों के कल्याण और जीवन में मंगल की कामना से जुड़ा है।
पांडुलिपि की अष्टकोणीय बनावट और इसे सुरक्षित रखने के लिए इस्तेमाल की गई चांदी की डिबिया से इसके धार्मिक उपयोग का संकेत मिलता है। इसे संभवतः सुरक्षा कवच या पूजा-पाठ में इस्तेमाल होने वाले गुटके के रूप में रखा जाता था।
डॉ. शर्मा के अनुसार, अब तक के अवलोकन में संस्कृत भाषा में हाथ से लिखी यह अत्यंत छोटी, सुंदर और अद्भुत पांडुलिपि है। इसके छोटे आकार में अक्षरों की सजावट, सुलेख और कलात्मक बारीकियां विशेष आकर्षण का केंद्र हैं।
उन्होंने बताया कि मंडी कलम का उद्गम 16वीं शताब्दी के अंतिम चरण में राजा केशव सेन (1592-1637 ई.) के शासनकाल से माना जाता है। शुरुआती दौर में इस चित्रशैली पर लोककला का प्रभाव था और इसमें आम जनजीवन की भावनाओं को भी स्थान मिला। बाद में मुगल और कांगड़ा चित्रशैली का प्रभाव भी देखने को मिला।
पांडुलिपि के सामने आने में बासणी निवासी सविता सेन का विशेष योगदान रहा। फिलहाल यह धरोहर बटोहली निवासी पिनाम सिंह सेन और उनकी पत्नी रीना सेन के पास सुरक्षित है। सविता सेन के अनुसार, यह पांडुलिपि प्राचीन लेखन और समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा की अनमोल धरोहर है।