हिमाचल में बढ़ी ठंड की ठिठुरन, कुकुमसेरी में पारा माइनस 4.1 डिग्री
कड़ाके की ठंड से जमने लगे प्राकृतिक जलस्रोत, लाहौल-स्पीति में पारा माइनस में
शिमला: हिमाचल प्रदेश में रात के समय ठंड लगातार बढ़ रही है। जनजातीय क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है और लाहौल-स्पीति में प्राकृतिक जलस्रोत जमने लगे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 26 नवंबर तक बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहा। आगामी एक सप्ताह तक भी मौसम शुष्क बना रहेगा। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 4.1 डिग्री और केलंग में माइनस 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ताबो में तापमान 0.1 डिग्री रहा।
हैरानी की बात यह है कि प्रदेश के मैदानी और निचले इलाकों में भी रात का तापमान शिमला और कुफरी से कम दर्ज किया गया है। शिमला में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री, जबकि ऊना और बिलासपुर में 7 डिग्री तथा सुंदरनगर में 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मनाली में 4.1 डिग्री, कल्पा में 4.8 डिग्री, सोलन में 5.5 डिग्री और मंडी में 6.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
बीते 24 घंटों में धर्मशाला के न्यूनतम तापमान में सबसे अधिक 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। कुफरी में 1.7 डिग्री, देहरा गोपीपुर में 1 डिग्री और सुंदरनगर में 0.8 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 26 नवंबर तक प्रदेश में धूप खिली रहेगी। इससे दिन के समय लोगों को कुछ राहत मिलेगी, लेकिन रात में ठंड का असर बरकरार रहेगा।