मंडी: हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक की सौलीखड्ड शाखा ने नाबार्ड के सहयोग से मझवाड़ गांव में एक दिवसीय वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किया। इसमें 60 से 65 लोगों ने हिस्सा लिया।

शिविर में शाखा प्रबंधक अनिल धरवाल ने बैंक की विभिन्न बचत और ऋण योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिला सशक्तिकरण ऋण योजना, सपनों का संचय योजना और स्वयं सहायता समूह ऋण योजना के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना की जानकारी भी दी गई।

इस दौरान ग्रामीणों को डिजिटल बैंकिंग के फायदे समझाए गए। ऑनलाइन लेनदेन के दौरान होने वाली धोखाधड़ी से बचने के लिए जरूरी सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया गया। बैंक की हिम पैसा ऐप के उपयोग और सुविधाओं की जानकारी भी दी गई। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, बीमा और वित्तीय योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।

Tags: