सेब उत्पादन में रिकॉर्ड गिरावट; पिछले साल के मुकाबले दो करोड़ पेटियां कम
Shimla. शिमला। हिमाचल प्रदेश में इस बार सेब उत्पादन ने पिछले दस साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। मौसम की बेरुखी के चलते प्रदेश में सेब की पैदावार घटकर महज 14718550 पेटियों तक सिमट गई है। पहली बार उत्पादन डेढ़ करोड़ पेटियों के आंकड़े से भी नीचे चला गया है। इससे पहले वर्ष 2018-19 में 18430150 पेटियां उत्पादन दर्ज हुआ था। इस बार पैदावार उस रिकॉर्ड से भी करीब 37 लाख पेटियां कम रही है। पिछले सीजन में प्रदेश में 34993800 पेटियां सेब पैदा हुआ था। इस तरह एक साल में उत्पादन में करीब 2.02 करोड़ पेटियों की गिरावट आई है। प्रदेश में इस बार 21835350 पेटियां उत्पादन होने का अनुमान लगाया था, लेकिन वास्तविक पैदावार अनुमान से 7116800 पेटियां कम रही।
बागबानी विभाग के आंकड़ों के मुताबिक इस सीजन में सामान्य मंडियों में 277513 मीट्रिक टन सेब पहुंचा है। 20 किलो की मानक पैकिंग के हिसाब से यह मात्रा 13875632 पेटियां बनती है। मार्केट इंटरवेंशन स्कीम के तहत सरकार ने 16858 मीट्रिक टन सी-ग्रेड सेब की खरीद की जो 842918 पेटियों के बराबर है। दोनों आंकड़ों को मिलाकर कुल उत्पादन 14718550 पेटियां रहा है। प्रदेश की आर्थिकी की रीढ़ माने जाने वाले सेब कारोबार ने इस बार भी बागबानी क्षेत्र की बड़ी तस्वीर पेश की है। प्रदेश इस सीजन में कुल 2,77,513 मीट्रिक टन सेब मंडियों में भेजा गया। यदि इस पूरी मात्रा को 20 किलोग्राम की स्टैंडर्ड पेटी के हिसाब से देखा जाए तो यह आंकड़ा 1,38,75,632 पेटियों तक पहुंचता है। सी-ग्रेड सेब की बिक्री के लिए विकल्प उपलब्ध करवाने वाली मार्केट इंटरवेंशन स्कीम के तहत भी सरकार ने 16858 मीट्रिक टन सेब की खरीद की है।